उत्तराखंडगढ़वालदेहरादून

ऑपरेशन प्रहार : कंचन ज्वैलर में हुई चोरी करने वाले चोर गिरोह दून पुलिस के हत्थे, 7 लाख की ज्वैलरी बरामद….

ऑपरेशन प्रहार : कंचन ज्वैलर में हुई चोरी करने वाले चोर गिरोह दून पुलिस के हत्थे, 7 लाख की ज्वैलरी बरामद....

ज्योती यादव,डोईवाला। 14 मई। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डोईवाला क्षेत्र में ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने महाराष्ट्र के अंतरराज्यीय चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई छह सोने की चेन बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 9 मई को डोईवाला निवासी सुरेन्द्र कुमार कक्कड़ ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 मई को कुछ महिला और पुरुष ग्राहक बनकर उनकी दुकान “कंचन ज्वैलर्स” पहुंचे और बातचीत में उलझाकर दुकान से छह सोने की चेन चोरी कर ले गए। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान की। लगातार सुरागरसी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने 13 मई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद महाराष्ट्र भागने की फिराक में थे।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य महाराष्ट्र के रहने वाले हैं और टोली बनाकर विभिन्न राज्यों में ज्वैलरी शॉप को निशाना बनाते हैं। गिरोह के कुछ सदस्य दुकानदार को मोलभाव और बातचीत में उलझाते हैं, जबकि अन्य सदस्य मौका देखकर कीमती आभूषण चोरी कर लेते हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह में अधिकतर सदस्य बुजुर्ग होने के कारण लोगों को उन पर आसानी से शक नहीं होता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पांडुरंग पवार (76), वासुदेव शिंदे (57), सतीश नामदेव शिंदे (39), मनीष मनोहर मोरे (46), मंगेश सुर्वे (34) और विमल जाधव (80) निवासी महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी, उपनिरीक्षक प्रेम सिंह बिष्ट सहित कोतवाली डोईवाला और एसओजी देहरादून के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अब गिरोह के अन्य राज्यों में आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
google.com, pub-3499213414506936, DIRECT, f08c47fec0942fa0