Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

दून के व्यापारी ने तोड़ा बच्चे का दिल, तो मदद को आगे आए डोईवाला के समाजसेवी राजन गोयल – पूरे स्कूल को देंगे जूते…

ज्योती यादव,डोईवाला। राजकीय जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर पोखरी के एक छात्र के साथ देहरादून पल्टन बाजार के एक व्यापारी द्वारा किए गए कथित संवेदनहीन व्यवहार से जहां लोगों में रोष है, वहीं डोईवाला क्षेत्र से इंसानियत की मिसाल भी सामने आई है।

डोईवाला-भानियावाला के समाजसेवी एवं व्यापारी राजन गोयल और माजरी ग्रांट के मनोज पाल ने विद्यालय के बच्चों की मदद का बीड़ा उठाया है।

समाजसेवी राजन गोयल ने विद्यालय के शिक्षक उपेंद्र सती से फोन पर वार्ता कर विद्यालय के सभी बच्चों को जूते और अन्य उपहार भेंट करने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र के बच्चों की आवश्यकताओं को देखते हुए वे अपनी ओर से यह सहयोग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार शिक्षक उपेंद्र सती आगामी 6 और 7 अक्टूबर को देहरादून आएंगे, इसी दौरान डोईवाला में बच्चों को जूते वितरित किए जाएंगे।

शिक्षक उपेंद्र सती ने इस सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि एक व्यक्ति के व्यवहार से सभी व्यापारियों को एक ही नजर से नहीं देखा जा सकता। समाज में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं जो जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आगे आते हैं। ऐसे प्रयास बच्चों के मन में समाज के प्रति विश्वास और अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं।

 

Exit mobile version