Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

उत्‍तराखंड में अगले कुछ दिन शुष्क रहेगा मौसम, मैदानी इलाकों में सुबह के समय रहेगा कोहरा।

uttarakhandweather

देहरादून। उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी के बाद अब मौसम शांत हो गया है। अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, तापमान स्थिर बने रहने के आसार हैं। लेकिन, मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ सकता है।

पिछले कुछ दिन उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला रहा। चोटियों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश भर में तेजी से ठंड में इजाफा हुआ। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 18 डिग्री तक का अंतर आ गया। जिससे सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई। यही नहीं दिन में भी सर्द हवाएं चुभने लगीं थी। लेकिन, अब मौसम फिर से शुष्क हो गया है। जिसके चलते दिन के समय चटख धूप खिल रही है। यही कारण हैं कि तापमान में गिरावट भी थम गई है। जबकि, सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है।

इसके साथ ही कोहरे का प्रभाव भी बढऩे लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता थम गई है। जिसके चलते हिमालयी क्षेत्रों में मौसम शुष्क हो गया है। अरब सागर की ओर से उठने वाले चक्रवाती प्रवाह भी शांत है। ऐसे में अगले कुछ दिन हिमालयी क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं हैं। जबकि, हरिद्वार, रुड़की और ऊधमसिंह नगर में सुबह के समय छिछला कोहरा परेशान कर सकता है। इसके अलावा मसूरी, टिहरी, पौड़ी, चमोली समेत अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में पाले का असर बढ़ गया है। वहीं, प्रदेश के ज्यादातर शहरों का तापमान फिर से सामान्य से अधिक हो गया है। जिसके दीपावली तक ऐसे ही बने रहने के आसार हैं।

Exit mobile version