Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

*नर्सिंग भर्ती में बाहरी राज्यों के आवेदकों के विरोध में आंदोलन की चेतावनी*

ज्योति यादव, डोईवाला। आज संविदा एवं बेरोजगार स्टाफ नर्सेज महासंघ उत्तराखंड प्रतिनिधिमंडल ने भानियावाला में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा से मुलाकात की।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हरिकृष्ण बिजलवान द्वारा बताया गया कि हमारी नर्सिंग की भर्ती 12 वर्षों बाद 3 जनवरी 2023 को विज्ञापित की गई किंतु इस भर्ती में कुछ बाहरी राज्य के लोगों द्वारा फर्जी स्थाई निवास बनाकर आवेदन किया जा रहा है और कुछ बाहरी राज्यों के युवकों द्वारा माननीय उच्च न्यायालय में केस दायर कर नर्सिंग अधिकारी के पदों पर आवेदन करने की अनुमति मांगी है जिसमें कि न्यायालय द्वारा ऐसे व्यक्तियों को प्रोविजनल तौर पर परमिट कर दिया है जिसका हमारा संगठन पुरजोर विरोध करता है और हम अपने सभी जनप्रतिनिधियों से यह आग्रह करते हैं कि हमारी सरकार समूह ग के पदों पर बाहरी राज्यों के आवेदन स्वीकार न करें।

यदि नर्सिंग अधिकारियों के पदो पर बाहरी राज्यों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तो हमारा संगठन पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगा और अपने उत्तराखंड के लोगों और यहां की जनता और बेरोजगारों के हितों की लड़ाई के लिए सड़कों पर आंदोलन करेगा।

जिला अध्यक्ष महोदय द्वारा इस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया कि माननीय न्यायालय में सरकार मजबूती से अपने प्रदेश के बेरोजगारों के हितों में खड़ी रहेगी और किसी भी बाहरी राज्यों के आवेदकों को इसमें आवेदन की अनुमति नहीं दी जाएगी। आज मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में संगठन के कोषाध्यक्ष रवि सिंह रावत, महीपाल सिंह कृषाली,मीनाक्षी ममगाई, नीरज वर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version