Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

कल प्रधानमंत्री मोदी ब्रिक्स सम्मेलन में लेगें हिस्सा

एजेंसी
दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जानकारी दी कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस शिखर सम्मेलन का आयोजन वर्चुअल माध्यम से 17 नवंबर को किया जाएगा। मंत्रालय ने बताया कि इस बार सम्मेलन की थीम ‘वैश्विक स्थिरता, साझा सुरक्षा और अभिनव विकास’ होगी। ब्रिक्स देशों में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।
मंत्रालय ने इस संबंध में कहा कि 12वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन संयुक्त राष्ट्र की 75वीं वर्षगांठ की पृष्ठभूमि में और कोविड-19 वैश्विक महामारी के बीच आयोजित किया जा रहा है। इसमें सदस्य देशों के नेता वैश्विक परिदृश्य के प्रमुख मुद्दों और आपसी सहयोग पर चर्चा करेंगे। इसमें कोविड-19 महामारी के प्रभाव को कम करने के लिए बहुपक्षीय प्रणाली के उपायों में सुधार भी शामिल हैं। इसके अलावा शिखर सम्मेलन में आतंकवाद के खिलाफ जंग में सहयोग, व्यापार, स्वास्थ्य, ऊर्जा और लोगों से लोगों का आदान-प्रदान पर भी चर्चा की जाएगी।

Exit mobile version