Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

टोल प्लाजा फ्री कर केंद्र सरकार को चेताया

रुड़की। कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर दिल्ली में डटे किसानों के समर्थन में शनिवार को हरिद्वार जनपद के किसानों ने भगवानपुर टोल प्लाजा पर कब्जा किया। साथ ही केंद्र सरकार को चेताने के लिए यात्रियों के लिए टोल प्लाजा फ्री किया।
किसान नेताओं ने दिल्ली में चल रहे आंदोलन के तहत पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को रुड़की क्षेत्र के भगवानपुर में टोल प्लाजा पर हंगामा एवं प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 02 घंटे तक किसानों ने टोल फ्री रखा। मौके पर अफरातफरी की स्थिति रही। भारी संख्या में पुलिस बल भी पहुंचा। हालांकि दोपहर करीब 1ः30 बजे किसानों ने प्रशासन को अपनी मांगों के बाबत ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद टोल भी सुचारू कर दिया गया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष विजय शास्त्री ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से तानाशाही रवैया अपनाते हुए तीनों तीन कृषि कानूनों को लागू किया गया है। इससे किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच जाएगा।
तीनों कानूनों को वापस कराने के लिए हरियाणा और पंजाब सहित अन्य कई राज्यों के किसान भीषण सर्दी में भी दिल्ली बॉर्डर पर डटे हुए हैं, लेकिन केंद्र सरकार किसानों के साथ वार्ता कर मामले में लीपापोती करने पर लगी है। इसे लेकर किसान आक्रोशित हैं और लगातार सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार की कानों पर जूं नहीं रेंग रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार को चेतावनी देने के लिए आज करीब दोपहर एक बजे भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेतृत्व में सैकड़ों किसान भगवानपुर टोल प्लाजा पर पहुंचे और टोल प्लाजा को फ्री कराया। उन्होंने बताया कि इसके बाद एसडीएम के माध्यम से एक ज्ञापन भी उच्चाधिकारियों को भेजा जगया। वहीं, 14 दिसंबर को डीएम कार्यालय हरिद्वार पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

Exit mobile version