Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

डोईवाला के लेखक गांव में पर्यावरण प्रहरी सम्मान समारोह, मंत्री सुबोध उनियाल और पूर्व सीएम निशंक ने बढ़ाया हौसला..

ज्योती यादव,डोईवाला। देश के पहले लेखक गांव, थानों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण प्रेमियों, पर्यावरण योद्धाओं और स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया गया। सनराइज अकादमी, माउंटेन वेलफेयर सोसाइटी, कुसुम कांता फाउंडेशन, स्पेक्स और हिम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पर्यावरण प्रहरी सम्मान-2026 समारोह की अध्यक्षता पद्मश्री प्रेमचंद शर्मा ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वन, पर्यावरण एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सरकार के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी से ही प्रकृति को सुरक्षित रखा जा सकता है। ऐसे सम्मान समारोह समाज को प्रेरित करने का काम करते हैं।

समारोह की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी प्राकृतिक संपदा और हिमालय से है, इसलिए पर्यावरण की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। लेखक गांव की निदेशक विदुषी निशंक ने कहा कि हर व्यक्ति को स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

विशिष्ट अतिथि पद्मश्री प्रेमचंद शर्मा ने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वालों का सम्मान बेहद प्रेरणादायी है और लेखक गांव की तर्ज पर किसान गांव बनाने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए।
पर्यावरणविद् श्रेणी में अमन गोयल,नवीन कुमार सडाना, संजय बहुगुणा, सुषमा बहुगुणा और प्रेम सिंह को सम्मानित किया गया।
पर्यावरण योद्धा श्रेणी में सचिन रावत, सिद्धार्थ सजवाण, चंद्र प्रकाश तिवारी, तानिया सिधवाल, गुरजीत सिंह, सुरेंद्र, नीरज, तपस, अमित और जगदीश को सम्मान मिला।
स्वच्छता मित्र श्रेणी में दीपांशु, राहुल, सौरभ, मोहित, रूपेश, जयदान, सचिन, सतीश, विनीत, रोहित, शुभम सहित 25 स्वच्छता मित्रों* को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन मोनिका शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सनराइज अकादमी की प्रबंध निदेशक डॉ. पूजा पोखरियाल ने किया। इस अवसर पर डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, डॉ. अनिल शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

Exit mobile version