Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

देहरादून पहुंचे मनीष सिसोदिया, आप के सदस्यता अभियान का किया शुभारंभ|

manish sisodiya delhi

देहरादून:आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता व दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। एक साल बाद फरवरी 2022 में चुनाव हो जाएंगे। आगामी चुनाव के लिए आप ने सदस्यता अभियान ‘उत्तराखंड में भी केजरीवाल’ की शुरुआत की है। सोमवार को म्यूनिसिपल रोड स्थित एक होटल में सदस्यता अभियान शुरू करने से पहले प्रेसवार्ता में सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड में छह माह के भीतर ही पार्टी से 10 हजार सक्रिय कार्यकर्ता जुड़े हैं। प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में सदस्यता अभियान के तहत कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केजरीवाल मॉडल को लोगों तक पहुंचाएंगे।

प्रदेश में सबसे बड़ा सदस्यता अभियान 45 दिनों तक चलेगा। जिसमें हर विधानसभा क्षेत्र के लिए वीडियो वैन रवाना की गई है। एक वैन में पांच कार्यकर्ता होंगे। इस अभियान में एक लाख सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। पूरे प्रदेश में अभियान के तहत 6500 जनसभाएं गांवों में और तीन सौ बाजारों में की जाएंगी।

सिसोदिया ने कहा कि 20 साल में भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को लूटा और संसाधनों का दुरुपयोग किया है। जबकि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में पांच साल के भीतर ही बदलाव किए हैं। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया, आप प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Exit mobile version