Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

घर से भागे प्रेमी युगल ने गटका जहर, प्रेमिका की मौत

रुड़की। घर से भागे प्रेमी युगल ने जहर खाकर मौत को गले लगा लिया। गुरुवार को दोनों ने संदिग्ध परिस्थिति में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रेमिक की मौत हो गई जबकि प्रेमी जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। समाज और परिवार की बंदिशों से भागकर आए प्रेमी युगल ने एक परिचित के यहां शरण ली हुई थी। परिचित ने दोनों के अपने यहां होने की सूचना उनके परिजनों को दे दी। गुरुवार को जब परिजन परिचित के घर पहुंचे तो घबराए प्रेमी जोड़े ने जहर का सेवन कर लिया। परिजनों ने तबीयत बिगड़ने पर दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्रेमिका की मौत हो गई। प्रेमी की हालत भी नाजुक बनी हुई है। लक्सर के एक गांव में रहने वाली युवती का खानपुर क्षेत्र के युवक के साथ अफेयर चल रहा था। युवक और युवती एक ही बिरादरी के थे। इसलिए समाज दोनों के प्यार का दुश्मन बन बैठा। प्रेम प्रसंग का पता चलते ही युवती के परिजनों ने दोनों के मिलने पर पाबंदी लगा दी। दोनों से जब दूरी बर्दाश्त नहीं हुई तो उन्होंने साथ में जिंदगी जीने का फैसला किया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और प्रेमी के बयान दर्ज किए। पुलिस ने कहा कि दोनों की उम्र के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version