Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

भव्य परेड के बीच डीजीपी रतूड़ी को दी सेवानिवृत्ति पर दी विदाई

देहरादून। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अनिल कुमार रतूड़ी की आज सेवानिवृत्ति के अवसर पर पुलिस लाइन्स देहरादून में भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया। परेड का नेतृत्व सुश्री रेखा यादव, सहायक पुलिस अधीक्षक देहरादून ने द्वितीय कमाण्ड शेखर सुयाल, पुलिस उपाधीक्षक, नगर व परेड एडज्यूटेन्ट पल्लवी त्यागी, पुलिस उपाधीक्षक, नेहरू कालोनी देहरादून के साथ किया।
परेड में उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न शाखाओं, ट्रेफिक पुलिस, नागरिक पुलिस, पीएसी, महिला पीएसी, कमाण्डो दस्ता, तथा एटीएस आदि सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का संचालन उप निरीक्षक पूनम प्रजापति एवं आरक्षी फायर मनीष पंत द्वारा किया गया। रैतिक परेड का पुलिस महानिदेशक द्वारा मानप्रणाम ग्रहण करने के उपरांत परेड का निरीक्षण किया गया।


सेवानिवृति के अवसर पर डीजीपी रतूड़ी ने भावुक होते कहा कि “आपके द्वारा इस शानदार परेड के जरिये जो इस वर्दी में सम्मान दिया जाता है उसके सामने अपने आप को बहुत छोटा महसूस कर रहा हूं। मैं इस परेड में सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद तथा शुभकामनाएं देना चाहता हूं। आज के इस शानदार आयोजन के लिए इस भव्य आयोजन के पीछे समस्त टीम को भी धन्यवाद देना चाहता हूं। जिन्होंने इतने स्नेह से इसको तैयार किया। इस अवसर पर एक लम्बी सेवा अन्तराल के पश्चात विभिन्न जगहों में काम करने के बाद आज मैं केवल यहीं कह सकता हूं कि जो भी हम कर पाये वो एक टीम के आधार पर कर पाये। इस पद पर रहते हुए मुझे खासतौर से उत्तराखंड पुलिस को बहुत नजदीकी से देखने का अवसर मिला। मैं यह कह सकता हूं कि हमारे खासतौर के जो सिपाही है वो देश के बहुत ही विवेकशील, अनुशासित, कर्मठ सिपाहियों में गिने जायेंगे।”
इस मौके पर अशोक कुमार, महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस की स्थापना एवं विकास में रतूड़ी सर की महत्वपूर्ण भूमिका रही, उनका नाम उत्तराखण्ड पुलिस के इतिहास में हमेशा स्वर्णिम अक्षरों मे लिखा जायेगा। डीजीपी द्वारा पुलिस मुख्यालय में तैनात हेड कॉस्टेबल नागरिक पुलिस विनोद प्रकाश डबराल को सराहनीय एवं उत्कृष्ट सेवा के लिए तथा 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार में तैनात हेड कॉस्टेबल सुषमा रानी को मानवाधिकार वाद विवाद प्रतियोगिता में राज्य में प्रथम स्थान तथा राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर पीविके प्रसाद, अपर पुलिस महानिदेशक, सीबीसीआईडी, समस्त पुलिस महानिरीक्षक, समस्त पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version