Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

डोईवाला।”एक मदद ब्लड ग्रुप समिति’ के योगेश सिंगारी बने SDP डोनर,परिजनों को मिली बड़ी राहत….

ज्योती यादव, डोईवाला। मानवता और सेवा भाव की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए ‘एक मदद ब्लड ग्रुप समिति’ डोईवाला के सक्रिय सदस्य योगेश सिंगारी ने नि:स्वार्थ भाव से SDP यानी Single Donor Platelet दान कर एक गंभीर मरीज की जान बचाने में मदद की।
उनके इस सराहनीय प्रयास से न केवल एक अनमोल जीवन सुरक्षित हुआ, बल्कि संकट में घिरे एक परिवार को भी सहारा मिला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग निवासी 54 वर्षीय जगपाल सिंह वर्तमान में हिमालयन जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती हैं और फेफड़ों (लंग्स) की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उपचार के दौरान उनकी प्लेटलेट्स काउंट गिरकर मात्र 8 हजार रह गई थी, जिसके कारण डॉक्टरों ने आपातकालीन स्थिति में ‘B पॉजिटिव’ एसडीपी (Single Donor Platelets) की अति आवश्यकता बताई। मरीज की नाजुक हालत देखकर उनके परिजन अत्यधिक चिंतित और परेशान थे।
इस संकट की घड़ी में हिमालयन ब्लड बैंक और पीड़ित परिवार ने ‘एक मदद ब्लड ग्रुप समिति’ के संस्थापक एवं अध्यक्ष साकिर हुसैन से संपर्क कर सहायता की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष साकिर हुसैन ने बिना समय गंवाए समिति के सदस्य योगेश सिंगारी से संपर्क किया। संदेश मिलते ही योगेश सिंगारी ने मानवता को सर्वोपरि रखते हुए अपने सभी व्यक्तिगत व व्यावसायिक कार्यों को तुरंत छोड़ दिया और सीधे हिमालयन अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल परिसर में आवश्यक मेडिकल टेस्टिंग के बाद योगेश सिंगारी परफेक्ट डोनर पाए गए। इसके बाद उन्होंने बिना किसी स्वार्थ और पूरी श्रद्धा के साथ लगभग 4 घंटे का समय देकर ब्लड बैंक में एसडीपी डोनेट किया। इस पुनीत कार्य के दौरान कोटद्वार के वरिष्ठ ब्लड वालंटियर दलजीत सिंह जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और डोनर का उत्साहवर्धन किया।
समिति के अध्यक्ष साकिर हुसैन ने योगेश सिंगारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “योगेश हमारे वास्तविक नायक हैं, जिन्होंने एक अनजान व्यक्ति की जान बचाने के लिए तत्परता दिखाई। वे पहले भी कई बार रक्तदान कर कई लोगों की जिंदगी बचा चुके हैं। पूरी समिति उनके इस सेवा भाव का हृदय से आभार व्यक्त करती है और ईश्वर से उनकी लंबी उम्र व उत्तम स्वास्थ्य की कामना करती है। हमें पूरी उम्मीद है कि वे आगे भी इसी तरह समाज सेवा में अपना योगदान देते रहेंगे।

 

 

 

Exit mobile version