ज्योती यादव,डोईवाला। प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी द प्रेसीडेंसी इंटरनेशनल स्कूल में विद्यालय का स्थापना दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रार्थना सभा से हुआ, जिसके पश्चात विद्यालय के कॉयर दल द्वारा गढ़वाली भाषा में गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय में अंतर-सदनीय नाटिका प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय “उत्कृष्टता के स्तंभ (Pillars of Excellence)” था। विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली अभिनय एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्कृष्टता के विभिन्न आयामों को मंच पर जीवंत किया। प्रतियोगिता में फतेह हाउस ने प्रथम स्थान तथा जुझार हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती श्वेता अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यालय की स्थापना के उद्देश्य एवं उसकी मूल भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र है, जहाँ विद्यार्थी ज्ञान के साथ-साथ जीवन-मूल्य, आत्मविश्वास, अनुशासन और मानवीय संबंधों का महत्व भी सीखते हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यालय की वास्तविक सफलता तब है जब यहाँ से निकलने वाला प्रत्येक विद्यार्थी अपने साथ श्रेष्ठ संस्कार, सुंदर स्मृतियाँ और सार्थक संबंध लेकर जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय के मूल्यों को जीवनभर संजोकर रखने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
समारोह के दौरान आयोजित बर्डी डांस ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से उत्साहित किया। सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित कर उनके साथ इस खुशी के अवसर को साझा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने विद्यालय की निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय की समन्वयक शिवानी डबराल, कमलेश बहुगुणा, गीता कोहली तथा प्रबंधक दिनेश त्रिपाठी सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
डोईवाला। द प्रेसीडेंसी इंटरनेशनल स्कूल में स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया….

