Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

डोईवाला–”सेवा पर्व”के उपलक्ष में वन विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के 300 पौधे, कार्यक्रम में पहुंचे विधायक बृजभूषण गैरोला….

ज्योती यादव, डोईवाला। वन विभाग द्वारा लच्छीवाल रेंज द्वारा ‘सेवा पर्व’ के उपलक्ष्य में एक विशाल वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के 300 पौधों का रोपण किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना है।
यह कार्यक्रम डोईवाला में सीपेट के नजदीक आयोजित किया गया, जहाँ पर डोईवाला के विधायक तथा ब्लॉक प्रमुख, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इसके अतिरिक्त, स्थानीय निवासियों और स्वयंसेवकों ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए पौधे लगाए।
इस अवसर पर, वन क्षेत्राधिकारी लच्छीवाला रेंज अधिकारी मेघावी कीर्ति ने वृक्षारोपण के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। ये हमें न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं से लड़ने में भी हमारी मदद करते हैं। ‘सेवा पर्व’ के इस विशेष अवसर पर, हम समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं।”
रोपण किए गए पौधों में आंवला, कंजू तथा शीशम की प्रजातियां शामिल हैं, जिन्हें उनकी पर्यावरणीय और औषधीय उपयोगिता के कारण चुना गया। वन विभाग ने इन पौधों की देखभाल और उनके विकास को सुनिश्चित करने का भी संकल्प लिया है।
यह वृक्षारोपण अभियान ‘सेवा पर्व’ के तहत चलाए जा रहे विभिन्न जन-कल्याण कार्यक्रमों का हिस्सा है, जो समाज के प्रति सेवा भाव को समर्पित हैं। वन विभाग भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि प्रदेश को हरा-भरा और स्वस्थ बनाया जा सके।

Exit mobile version