Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

डीजीपी देंगे पुलिसकर्मियों को बड़ा तोहफा

dgp ashok

हल्द्वानी। डीजीपी अशोक कुमार ने पदभार संभालने के बाद कई बड़े फैसले लिये जिनमें महिला सुरक्षा सहित भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी कि भ्रष्टाचारी पुलिसकर्मी को वर्दी पहनने का कोई हक नहीं है। वहीं डीजीपी अब 24 घंटे ड्यूटी देने वाले पुलिसकर्मियों को तोहफा देने जा रहे हैं।
बीते दिन हल्द्वानी पहुंचे डीजीपी अशोक कुमार ने कहा है कि शुरुआती तौर पर प्रदेश के 9 पर्वतीय जिलों में तैनात पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने का विचार है। कहा कि यह प्रयोग सफल रहा तो प्रदेश के सभी जिलों के लिए यह व्यवस्था लागू की जाएगी। हालांकि, जरूरत पड़ने पर उन्हें ड्यूटी पर आना होगा। डीजीपी बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे अशोक कुमार ने सामाजिक संगठन के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। इसके बाद वो मीडिया से मुखातिब हुए। डीजीपी ने कहा की प्रदेश में अपराध बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, प्रदेश की पुलिस को हाइटेक बनाने पर जोर दिया जायेगा जिससे अपराधियों में पुलिस का खौफ़ हो, कुमाऊँ में महिला थाना खोलने के मामले में डीजीपी अशोक कुमार ने कहा की महिला थाने की जरूरत नही है क्योंकि हर थाने में महिला पुलिस अधिकारियों की तैनाती है और महिला अपराधों से सख्ती से निपटा भी जा रहा है। डीजीपी ने साइबर क्राइम को आज की सबसे बडी औऱ खतरनाक चुनौती बताते हुए कहा की पुलिस ऐसे मामलों में सख्ती भी दिखा रही है और कई नाइजीरियन अपराधियों को गिरफ़्तार भी किया गया है, लेकिन साइबर क्राइम से निपटने के लिए जन जागरूकता भी जरूरी है।

Exit mobile version