देहरादून – राज्य के कई जिलों में बीते 2 दिन से हल्की बारिश हो रही है । वहीं पश्चिमी विक्षोभ के दबाव और थंडर स्टार्म की सक्रियता के चलते राजधानी दून समेत पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम में ठंडक महसूस हो रही है । आपको बता दें, कि अगले 24 घंटे में राजधानी दून के साथ ही पर्वतीय इलाकों में बिजली चमकने के साथ ही बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मौसम का बदला मिजाज पश्चिमी विक्षोभ के दबाव और थंडर स्टार्म की सक्रियता का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इसका असर अगले 24 घंटे में भी दिखाई देगा। मौसम के बदले मिजाज के चलते बीते गुरुवार की देर शाम से राजधानी दून व आसपास के इलाकों के साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं के कई क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई थी ।

