Doon News – Local Hindi News Portal of Uttarakhand

कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस ने किया राजभवन कूच पुलिस से हुई नोकझोंक

congressprotest

देहरादून:कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर जारी किसान आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को कांग्रेस दून में राजभवन के घेराव के लिए निकली। कांग्रेस की इस प्रदर्शन रैली में सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिससे राजधानी में जाम की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान हाथी बड़कला चौक पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। कूच के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोंकझोंक भी हुई।इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बागेश्वर में किसानों और बेरोजगारों के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उपवास पर बैठे हैं।विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिये अपनी ताकत का अहसास कराने की भी कोशिश कर रही है। इस बाबत गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजभवन घेराव के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।  इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश भी शामिल हुईं। प्रीतम सिंह ने पार्टी के विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों से फोन पर बातचीत की और उनसे प्रदर्शन में शामिल होने वाले कांग्रेसियों की जानकारी हासिल की। कांग्रेस ने राजभवन घेराव में प्रदेश भर से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को शामिल होने को कहा था। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव भी प्रदर्शन में शामिल रहे।

महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि दोपहर पूर्व कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं का आना हुआ। यहां से प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश प्रभारी  देवेंद्र यादव, के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन की ओर जुलूस के रूप में कूच किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष मदन बिष्ट, महामंत्री नवीन जोशी, राजेंद्र शाह, याकूब सिद्धिकी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता आर्या, महानगर अध्यक्ष लालचंद सहित अन्य शामिल थेे।

Exit mobile version